• उद्योग-संबंधित सहभागिता और दक्षता विकास को बढ़ावा दिया जाएगा।

संवाददाता
कानपुर। क्रिसिल लिमिटेड और वाधवानी स्कूल ऑफ एआई एंड इंटेलिजेंट सिस्टम्स, आईआईटी कानपुर ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंटेलिजेंट सिस्टम्स में सहयोग को मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस सहयोग के तहत, आईआईटी कानपुर में उद्योग एवं शैक्षणिक विशेषज्ञों को आमंत्रित कर एआई, साइबर सुरक्षा, रोबोटिक्स, इंटेलिजेंट सिस्टम्स और उद्योग से संबंधित उभरती तकनीकों पर व्याख्यान देने के लिए “क्रिसिल लेक्चर सीरीज” शुरू की जाएगी।
इसके अलावा, “क्रिसिल स्टूडेंट अवॉर्ड” भी स्थापित किया जाएगा, जिसे हर वर्ष आईआईटी कानपुर के दीक्षांत समारोह में डिपार्टमेंट ऑफ इंटेलिजेंट सिस्टम्स के छात्रों के उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन को मान्यता देने के लिए प्रदान किया जाएगा।
क्रिसिल की प्रेसिडेंट एवं सीएचआरओ पूजा मिर्चंदानी ने कहा कि आईआईटी कानपुर के साथ हमारी साझेदारी उद्योग-शिक्षा सहयोग का एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जो छात्रों के सीखने को समर्थन देता है और ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को तैयार करता है जो उभरती तकनीकों की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हों।
क्रिसिल ने वाधवानी स्कूल ऑफ एआई एंड इंटेलिजेंट सिस्टम्स के साथ आगे भी जुड़ाव बनाए रखने में रुचि व्यक्त की है, जिसमें इंटर्नशिप के लिए भर्ती विजिट्स, डिपार्टमेंट ऑफ इंटेलिजेंट सिस्टम्स के छात्रों के साथ संवाद, और छात्रों को उद्योग से संबंधित समस्याओं पर काम करने के लिए प्रोत्साहित करना शामिल है।
समझौते पर हस्ताक्षर के बाद, वाधवानी स्कूल ऑफ एआई एंड इंटेलिजेंट सिस्टम्स के अधिष्ठाता प्रो. नितिन सक्सेना ने कहा कि हम क्रिसिल लिमिटेड के साथ साझेदारी को लेकर उत्साहित हैं। यह सहयोग हमारे छात्रों को उद्योग का अनुभव प्रदान करेगा और उन्हें वास्तविक दुनिया की एआई चुनौतियों पर काम करने के अवसर देगा।
इस अवसर पर क्रिसिल की ग्लोबल कैंपस लीड ह्यूमन रिसोर्सेज स्वेता मेहता सहित आईआईटी कानपुर के कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें प्रो. अमेय करकरे, अधिष्ठाता, रिसोर्सेज एंड एलुमनी – डीओआरए, प्रो. इंद्रनील साहा, विभागाध्यक्ष, डिपार्टमेंट ऑफ इंटेलिजेंट सिस्टम्स, डब्लूएसएआईएस, और प्रो. मंजेश कुमार सिंह, अध्यक्ष, स्टूडेंट्स प्लेसमेंट ऑफिस शामिल थे।






