March 10, 2026

संवाददाता

कानपुर। थाना चकेरी क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस व अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पल्सर बाइक सवार अपराधी गुल्लू उर्फ आफताब, जिस पर आधा दर्जन मुकदमे हैं एवं मोहम्मद दानिश, जिसपर एक मुकदमा पंजीकृत है ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। पुलिस को अपराधियों के पास से 4000 रुपए नकद, दो देशी तमंचे, 315 बोर के कारतूस तथा लूट में प्रयुक्त पल्सर बाइक बरामद हुई। पकड़ी गई बाइक ही तीन दिन पूर्व थाना चकेरी क्षेत्र में महिला के साथ मारपीट कर उसके कान के झाले लूटने की घटना में प्रयुक्त हुई थी, जिसकी पुष्टि सीसीटीवी से हुई है। दोनों घायल अपराधियों को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम द्वारा मौके से साक्ष्य संकलन कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।