
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिल्हौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने शव देखकर तत्काल बिल्हौर पुलिस को सूचना दी।
बिल्हौर थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार ने बताया कि राहगीरों की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी के अनुसार, मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के ग्राम प्रधानों, सोशल मीडिया, डीसीआरबी पर दर्ज मुकदमों और पड़ोसी थानों से संपर्क कर शिनाख्त के भरसक प्रयास कर रही है।
फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रथम दृष्टया मौत का कारण गर्मी या अधिक शराब का सेवन प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि इस दौरान शव की शिनाख्त हो जाती है और परिजन कोई तहरीर देते हैं, तो उस आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी।






