June 22, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  जून की भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। तेज धूप, लू और उमस के कारण लोग बेहाल हैं। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार की रात इस सीजन की सबसे गर्म रात रही।

गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए शहर के पार्कों में फुहारें चलाई जा रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक उमस भरी गर्मी जारी रहने और तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई है।

सीएसए की ओर से जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है। दोपहर से लेकर देर शाम तक चली लू ने लोगों को बेहाल किए रखा। उमस और गर्मी के कारण लोगों को लगातार पसीना बहाना पड़ा।

दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होती जा रही हैं। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। रात का तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा । यह इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है। रात में भी गर्म हवाओं और उमस के कारण लोगों को राहत नहीं मिल सकी।

गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए शहर के कई पार्कों में तापमान को नियंत्रित रखने के लिए फुहारें चलाई जा रही हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले 24 घंटों में उमस भरी गर्मी बनी रहेगी। अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से नमी का बहाव आ रहा है, जिसकी वजह से हल्के बादल भी छा सकते हैं। शाम के समय आंधी व बूंदाबांदी भी हो सकती है। दिन में तेज धूप निकलेंगी, जो कि तापमान को 40-43 डिग्री के बीच रहेगा। रातें भी गर्म रहेंगी।