• चीखें सुनकर पहुंची महिलाओं ने बचाई जान।

संवाददाता
कानपुर। आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। चकेरी थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी फेज-1 में सड़क पर साइकिल चला रहे 8 साल के मासूम पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। छोटे भाई को बचाने पहुंचे बड़े भाई पर भी कुत्ते टूट पड़े। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाके में दहशत फैल गई।
ट्रक चालक नफीस खान ने बताया कि उनका 8 साल का बेटा कौनेन खान घर के बाहर साइकिल चला रहा था। इसी दौरान कुत्तों का झुंड आपस में लड़ रहा था, तभी एक कुत्ता कौनेन पर झपट पड़ा, जिससे वह सड़क पर गिर गया।
इसके बाद कुत्तों ने उसके पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में काट लिया। छोटे भाई की चीख सुनकर बड़ा हसनैन खान उसे बचाने दौड़ा, लेकिन आधा दर्जन कुत्तों ने उस पर भी हमला कर दिया।
दोनों बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास की महिलाएं डंडे लेकर मौके पर पहुंचीं। लोगों ने किसी तरह कुत्तों को भगाकर दोनों भाइयों को बचाया। इसके बाद उन्हें कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। परिजनों का कहना है कि हमले के बाद दोनों बच्चे सदमे में हैं और उन्हें तेज बुखार भी आ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। कई बार बच्चे, बुजुर्ग और राहगीर कुत्तों का शिकार हो चुके हैं। इसके बावजूद नगर निगम ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। लोगों का आरोप है कि कई शिकायतों के बाद भी कुत्तों को पकड़ने के लिए टीम नहीं भेजी गई।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। उन्होंने नगर निगम से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल दोनों बच्चे उपचाराधीन हैं और पूरे इलाके में भय का माहौल है।






