
संवाददाता
कानपुर। भीतरगांव विकासखंड की साढ़ साधन सहकारी समिति में उर्वरक वितरण में अनियमितता का मामला सामने आया है। किसानों का कहना है कि समिति में रात को आने वाली खाद सुबह तक आधी रह जाती है।
क्षेत्र के ओनू यादव, अनूप मिश्रा, सतेंद्र और हरीश समेत 24 से अधिक किसानों ने इस मामले को उजागर किया है। किसानों का आरोप है कि एक वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हुए सचिव विजय यादव को खाद से भरे ट्रक के आने की पहले से जानकारी रहती है।
किसानों के अनुसार विजय यादव ट्रक आने से पहले ही मौके पर पहुंच जाते हैं। वे खाद की अनलोडिंग के दौरान ही कुछ पिकअप में खाद लोड करवाकर पडरी लालपुर या अन्य स्थानों पर भेज देते हैं। स्थानीय किसानों को जब तक खाद के आने की सूचना मिलती है, तब तक आधी खाद बाहर भेजी जा चुकी होती है।
किसानों ने समिति के अध्यक्ष राम विशाल यादव और एडीओ कोऑपरेटिव से शिकायत की है। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
सहकारी समिति का स्टॉक रजिस्टर नियमित होने के बावजूद खाद वितरण में अनियमितता की शिकायतें लगातार आ रही हैं।






