
संवाददाता
कानपुर। आईआईटी की तैयारी कर रहे छात्र ने वीडियो जारी कर पुलिस से गुहार लगाई है। मामला सामने आने के बाद रावतपुर पुलिस जांच में जुट गई है। वीडियो में छात्र ने आरोप लगाया है कि इलाके का एक हिस्ट्रीशीटर उससे रंगदारी की मांग कर रहा है और मना करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।
वीडिओ में छात्र कह रहा है कि मैं बहुत डरा हुआ हूं। एक हिस्ट्रीशीटर पैसे की मांग कर रहा है। मना करने पर वह जान से मारने की धमकी देता है। देर रात कॉल कर गालियां देता है। अपार्टमेंट के बाहर आकर तमंचा लहराता है। मैं डिप्रेशन में हूं और आत्महत्या जैसे विचार आ रहे हैं।
फतेहपुर के खागा निवासी गुलाब सिंह का बेटा वीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ आर्यन कानपुर में काकादेव में किराए पर रहता है। वह काकादेव स्थित वंशी वसुंधरा अपार्टमेंट में रहकर आईआईटी की तैयारी कर रहा है। उसने वीडियो में बताया कि एक हिस्ट्रीशीटर लगातार उसे रंगदारी के लिए धमका रहा है। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी मिल रही है।
छात्र के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर और उसके दबंग साथी देर रात 6-7 गाड़ियों में सवार होकर अपार्टमेंट के बाहर आ जाते हैं और तमंचा लहराते हैं। इससे वह डरा-सहमा हुआ है और बाहर निकलने से भी घबरा रहा है। उसने बताया कि इससे उसकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है और वह मानसिक रूप से टूट चुका है।
छात्र का कहना है कि आरोपी पहले आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है, जिस कारण वह और अधिक भयभीत है।
छात्र ने रावतपुर थाने और पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उसने अपने साथ किसी अनहोनी होने की आशंका जताते हुए आरोपियों को जिम्मेदार ठहराया है।
रावतपुर थाना प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






