March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 35 वर्षीय भोला सिंह ने शराब के नशे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 
भोला अपने 80 वर्षीय पिता कैलाश सिंह के साथ रहता था। शाम को वह शराब के नशे में घर आया। पिता के साथ गाली-गलौज करने के बाद वह घर के अंदर चला गया। पिता घर के बाहर सो गए।
सुबह जब दरवाजा नहीं खुला, तो कैलाश सिंह ने देखा कि दरवाजे के नीचे से खून बह रहा है। उन्होंने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचित किया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने दरवाजा खोला तो भोला का शव जमीन पर उल्टा पड़ा मिला।
पुलिस को जांच करने पर पता चला कि भोला ने छत की टीन के पाइप में नायलान की पतली रस्सी से फांसी लगाई थी। रस्सी कमजोर होने के कारण टूट गई और वह पक्की फर्श पर गिर गया। सिर में चोट लगने से खून बहने के कारण उसकी मृत्यु हो गई।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से 4 शराब की बोतलें बरामद की हैं। भोला की 8 साल पहले शादी हुई थी। शराब की लत के कारण उसकी पत्नी शादी के 6 महीने बाद ही मायके चली गई थी। उसके तीन बहनों की भी शादी हो चुकी है और बड़ा भाई शिवपूजन कानपुर में रहता है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की कार्रवाई जुट गई है।
महाराजपुर थाना प्रभारी संजय कुमार पांडे ने बताया कि प्रथमदृष्टया युवक के आत्महत्या करने की बात बताइ जा रही है। उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।