
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर कस्बे में दहेज प्रताड़ना सहित तीन तलाक का मामला सामने आया है। चंद्रशेखर आजाद नगर मोहल्ले की रहने वाली नाजरीन बानो ने अपने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके पति इसरार अहमद ने उसे तीन तलाक दे दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो साल पहले नाजरीन बानो की शादी कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के चीतीपुर निवासी इसरार अहमद से हुई थी। शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन शादी के कुछ ही दिन बाद हालात बदलने लगे। आरोप है कि पति और उसके परिजन अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। उससे कभी रुपये की मांग होती थी तो कभी सोने-चांदी के गहनों की।
नाजरीन का कहना है कि वह लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलती रही। कई बार उसने विरोध भी किया, लेकिन हालात सुधरने के बजाय और बिगड़ते गए।
पीड़िता ने बताया कि एक साल पहले पति और ससुराल वालों ने उसे बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी। मजबूर होकर वह मायके में आकर रहने लगी
नाजरीन का आरोप है कि इसके बाद भी उसका पीछा नहीं छोड़ा गया। ससुराल से आए दिन फोन करके दबाव बनाया जाता था कि वह दो लाख रुपये और सोने की अंगूठी का इंतजाम करे। तभी उसे घर में वापस लाया जाएगा।
नाजरीन ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि इसी साल जनवरी में उसका पति इसरार अहमद उसके मायके पहुंचा। वहां फिर से रुपए और अंगूठी की मांग की। जब उसने विरोध किया तो पति ने वहीं खड़े-खड़े उसे तीन तलाक दे दिया। इतना ही नहीं, उसने धमकी दी कि अगर नाजरीन ने विरोध किया तो उसे झूठे मुकदमों में फंसा देगा।
इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति इसरार अहमद, सास, ससुर समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों पर दहेज प्रताड़ना, धमकी देने और तीन तलाक देने का आरोप है।
पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।






