
संवाददाता
कानपुर। इंस्टाग्राम पर युवती बनकर एक युवक ने बेकनगंज निवासी कारोबारी की पत्नी से दोस्ती कर ली। इसके बाद आरोपी ने उसे मिलने के बहाने होटल में बुलाया। जहां आरोपी ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर महिला के साथ रेप किया और उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया।
इसके बाद आरोपित ने वीडियो को वायरल करने धमकी देकर पीड़िता से 1.50 लाख रुपये वसूल लिए। आरोपी की हरकतों से तंग आकर पीड़िता ने कलक्टर गंज थाने में रेप का मुकदमा दर्ज कराया।
बेकनगंज की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2024 में उसकी इंस्टाग्राम पर सानिया नाम की प्रोफाइल से दोस्ती हुई, जिसने खुद को लखनऊ का निवासी बताया। अक्टूबर 2024 में सानिया ने उसे मैसेज करके कानपुर आने की बात कही और घंटाघर क्षेत्र के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया।
जब पीड़िता होटल पहुंची और फोन किया, तो कॉल एक युवक सूफियान ने उठाया। उसने खुद को सानिया का भाई बताया और कहा कि वह अभी बाहर गई है। इसी बहाने वह महिला को होटल के कमरे में ले गया।
महिला का आरोप है कि वहां उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया और होश खोने की स्थिति में सूफियान ने उसके साथ रेप किया। इस दौरान उसका वीडियो भी बना लिया।
घटना के बाद से आरोपित ने वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके साथ ही वीडियो डिलीट करने के नाम पर 1.50 लाख रुपए वसूल लिए। बावजूद इसके सूफियान लगातार ब्लैकमेल कर रहा है। पीड़िता ने जब पैसे देने बंद कर दिए तो आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो उसके कारोबारी पति को भेज दिया, जिसके बाद नौबत तलाक तक पहुंच गई।
कलक्टरगंज थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी कई युवतियों ने रेप की एफआईआर दर्ज कराई हैं, गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पीड़िता को आवश्यक सुरक्षा और सहयोग मुहैया कराया जा रहा है।






