May 14, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  नौबस्ता थानाक्षेत्र में पत्नी के छोड़कर जाने और बहन की शादी के लिए कर्ज से परेशान चल रहे ओला बाइक चालक ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। देर रात कमरे में पहुंचे छोटे भाई ने फंदे से शव लटकता देखकर परिजनों और नौबस्ता पुलिस को जानकारी दी। 

परिजनों ने बताया कि युवक का 2 साल से पत्नी से तलाक का मुकदमा चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि पत्नी को सूचना देने के बाद भी वह देखने तक नहीं आई।
मूलरूप से फतेहपुर जनपद के जाफरगंज कमासी निवासी जितेंद्र पांडेय नौबस्ता के आवास विकास हंसपुरम में रहते थे। परिवार में पत्नी एकता, डेढ़ साल का बेटा और छोटा भाई रवि है। परिजनों ने बताया कि जितेंद्र ओला बाइक चलाता था। 29 नवंबर को जितेंद्र ने बहन की कर्ज लेकर शादी की थी। जिसकी वजह से वह परेशान चल रहा था।
वहीं दो साल से मामूली विवाद के बाद पत्नी बच्चे को लेकर बकेवर स्थित मायके चली गई थी, जिसके बाद उसने तलाक का मुकदमा कोर्ट में दाखिल कर दिया था। इसे लेकर जितेंद्र तनाव में रहने लगा था। आज काम से लौटने के बाद जितेंद्र खाना खाने के बाद कमरे में सोने के लिए चला गया।
रात करीब 12 बजे छोटा भाई रवि घर पहुंचा, जिसके बाद उसने जितेंद्र का कमरे शव लटकता देख पुलिस को जानकारी दी। 

नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम भिजवाया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।