
संवाददाता
कानपुर। महाराजपुर कस्बे में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह करीब 5 बजे 11 हजार वोल्ट का तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर पड़ा और उसमें आग लग गई। एक पूर्व सैनिक की सतर्कता और सूझबूझ से संभावित जानमाल का नुकसान टल गया।
महाराजपुर निवासी पूर्व सैनिक करुणा शंकर सुबह टहलने निकले थे। उन्होंने देखा कि व्यस्त मार्ग पर 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर गिरा है और उसमें तेज चिंगारियां निकल रही हैं। यह तार करीब एक घंटे तक जलता रहा।
करुणा शंकर ने तुरंत लाइनमैन और अन्य विद्युत कर्मचारियों को फोन करने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। सड़क पर लोगों की लगातार आवाजाही को देखते हुए, वह खुद मौके पर डट गए।
करुणा शंकर करीब एक घंटे तक वहां खड़े होकर राहगीरों को टूटे तार से दूर रहने की चेतावनी देते रहे, ताकि कोई हादसे का शिकार न हो। लगभग एक घंटे बाद, मोहल्ले के अन्य लोग प्रमोद कुमार यादव और श्याम सिंह भी मौके पर पहुंचे।
इसके बाद एकघरा नरवल मोड़ स्थित पावर हाउस में तैनात गार्ड फूल सिंह को सूचना दी गई, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई जा सकी और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पूर्व सैनिक करुणा शंकर ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कस्बे और गांव में कई विद्युत पोल और तार जर्जर हालत में हैं। हल्की हवा चलने पर भी उनके गिरने का खतरा बना रहता है।
उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। उनका आरोप है कि विभाग केवल हादसा होने के बाद ही सक्रिय होता है, जबकि जर्जर तार और पोल किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।






