May 15, 2026

संवाददाता 
कानपुर। 
गर्मी की छुट्टियों के चलते ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 14 समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। 

ये ट्रेनें कोलकाता, न्यू जलपाईगुड़ी, डिब्रूगढ़, अगरतला और नाहरलगुन से नई दिल्ली व आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलाई जाएंगी। रेलवे के इस फैसले से कानपुर और आसपास के जिलों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सभी स्पेशल ट्रेनों का ठहराव कानपुर सेंट्रल और गोविंदपुरी स्टेशन पर भी रहेगा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक गर्मी के मौसम में पूर्वोत्तर राज्यों से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ जाती है। नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों में 18 स्लीपर और दो सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।
रेलवे से जारी सूचना के अनुसार डिब्रूगढ़-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन संख्या 05926 का संचालन 21 मई 2026 को किया जाएगा, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 05925 नई दिल्ली से 25 मई को चलेगी। यह ट्रेन डिब्रूगढ़, प्रयागराज, गोविंदपुरी और नई दिल्ली के बीच संचालित होगी।
इसी तरह नाहरलगुन-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन 05832/05831 भी 21 और 25 मई को चलाई जाएगी। इसका ठहराव नाहरलगुन, प्रयागराज, गोविंदपुरी और नई दिल्ली में रहेगा।
रेलवे ने न्यू जलपाईगुड़ी-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन संख्या 05758/05757 के संचालन की भी घोषणा की है। यह ट्रेन 22 मई और 25 मई को चलेगी और न्यू जलपाईगुड़ी, कानपुर सेंट्रल और नई दिल्ली के बीच यात्रियों को सेवा देगी।
इसके अलावा न्यू जलपाईगुड़ी-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल ट्रेन 05760/05759 भी चलाई जाएगी। यह ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी, प्रयागराज, गोविंदपुरी और आनंद विहार के बीच संचालित होगी।
अगरतला-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल ट्रेन 05664/05663 को अगरतला, प्रयागराज, गोविंदपुरी और आनंद विहार के बीच चलाया जाएगा। वहीं सिलचर-दिल्ली जंक्शन स्पेशल ट्रेन 05666/05665 का संचालन भी तय किया गया है। यह ट्रेन सिलचर, प्रयागराज, गोविंदपुरी और दिल्ली जंक्शन के बीच चलेगी।
इसके अलावा न्यू तिनसुकिया-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन 05924/05923 भी 21 और 25 मई को संचालित की जाएगी। यह ट्रेन न्यू तिनसुकिया, प्रयागराज, गोविंदपुरी और नई दिल्ली के बीच यात्रियों को सेवा देगी।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से यात्रा से पहले समय सारिणी और आरक्षण की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट और हेल्पलाइन नंबर 139 के जरिए ट्रेनों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 

Related News