
संवाददाता
कानपुर। सचेंडी स्थित चकरपुर सब्जी मंडी में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत चबूतरा नंबर-6 स्थित एक आढ़त से हुई और देखते ही देखते आग ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 40 से अधिक दुकानें धू-धू करके जलने लगीं। मौके पर मौजूद आढ़तियों ने पहले खुद ही आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें बढ़ती देख दुकानों को छोड़कर जान बचाकर भागना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पहले दो दमकल गाड़ियों को भेजा गया, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में चार फायर टेंडर मौके पर लगाए गए। फायर ब्रिगेड के मुताबिक, करीब दो घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात है कि कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियो के मुताबिक, चबूतरा नंबर-6 पर स्थित मुन्ना ब्रदर्स की फल आढ़त में दोपहर अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग आसपास की दुकानों तक पहुंच गई। मंडी में रखी प्लास्टिक की कैरेटो के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। हालात ऐसे हो गए कि आग की लपटें करीब 40 से 50 मीटर तक ऊंची दिखाई देने लगीं, जिन्हें दूर से भी देखा गया।
शुरुआत में कई आढ़ती बाल्टियों और पाइप से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग बेकाबू हो गई।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, लेकिन अधिकारियों ने कहा है कि विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आएगा।
सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है।
आढ़तियों ने आग से करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई है। फिलहाल प्रशासन दुकानों के नुकसान का आकलन करने में जुटा है।





