June 28, 2026

कोचिंग, हॉस्पिटल, शॉपिंग माल और रेस्टोरेंट में अफसरों ने करी जाँच।

संवाददाता 

कानपुर। लखनऊ में हुए हादसे के बाद कानपुर में भी सुरक्षा मानकों को लेकर कार्रवाई तेज कर दी गई है। कानपुर विकास प्राधिकरण ने शहर के कोचिंग संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य सार्वजनिक भवनों में अग्निशमन एवं विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच शुरू कर दी है।

केडीए ने सभी जोनों में अभियान चलाया। अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 52 प्रतिष्ठानों को चिह्नित करके उन्हें नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई। नोटिस में अग्निशमन उपकरण, विद्युत सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए । केडीए अधिकारियों ने काकादेव से लेकर आईआईटी तक अभियान चलाकर नोटिस जारी किए हैं।

केडीए अधिकारियों के अनुसार जिन भवनों के बेसमेंट में कोचिंग सेंटर, नर्सिंग होम अथवा अन्य गतिविधियां संचालित हो रही हैं, उन्हें भी निर्धारित नियमों का पालन करने और बेसमेंट के दुरुपयोग को रोकने के लिए निर्देशित किया जा रहा है।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि शहर के सभी जोनों में ऐसे संस्थानों की लगातार पहचान की जा रही है। निर्धारित समयावधि के भीतर सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सीलिंग समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

केडीए अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। केडीए की ओर से चलाया जा रहा अभियान आगे भी चलता रहेगा।