
संवाददाता
कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र में मकान बिक्री के नाम पर 15 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी और 40 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
परदेवनपुर निवासी जितेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने लाल बंगला मार्केट के पास स्थित एक मकान का 25 लाख रुपये में विक्रय अनुबंध किया था। अनुबंध के दौरान उन्होंने मकान मालकिन सुशीला सोनी को चेक के माध्यम से 15 लाख रुपये का भुगतान किया था, जबकि शेष 10 लाख रुपये रजिस्ट्री के समय देना तय हुआ था।
जितेंद्र के अनुसार, जब उन्होंने बैनामा कराने के लिए दबाव बनाया तो सुशीला सोनी और उनके पति अनीस सोनी टालमटोल करने लगे। बाद में जानकारी मिली कि संबंधित मकान पहले से ही बैंक में बंधक था। आरोप है कि दंपती ने बाद में मकान बेचने से इनकार कर दिया और बताया कि संपत्ति नारायण भदौरिया और सन्नी लंबा को दे दी गई है।
पीड़ित का आरोप है कि 28 जून को लाल बंगला मार्केट में सन्नी लंबा, उसके पुत्र शुभंकर और नारायण भदौरिया ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने कथित तौर पर 40 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और धमकी दी कि रकम नहीं देने पर मकान को भूल जाएं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
जितेंद्र कुमार ने पूरे मामले में धोखाधड़ी, रंगदारी और धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है । चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करके आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






