July 26, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  नौबस्ता थाना क्षेत्र में सुबह टहलने निकली एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने पता पूछने के बहाने मंगलसूत्र लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
आवास विकास हंसपुरम निवासी राजेंद्र मिश्रा एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी कुसुम मिश्रा घर से टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। एक युवक बाइक से उतरकर सकरापुर जाने का रास्ता पूछने लगा। पत्नी ने रास्ते की जानकारी न होने की बात कहकर आगे बढ़ना शुरू किया। तभी युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और पहले से बाइक स्टार्ट करके खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया।
मंगलसूत्र लूटे जाने के बाद कुसुम मिश्रा ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ऑफिस चौराहे की ओर भाग निकले। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक दोनों लुटेरे आंखों से ओझल हो चुके थे।
लेकिन घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में लूट के बाद दोनों आरोपी बाइक से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि बाइक सवार दो बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान करके उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।