
संवाददाता
कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया । हड़हा गांव के पास पेट्रोल पंप से निकल रहे बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
शंभुआ गांव निवासी रामनरेश पासवान रमईपुर स्थित निर्माणाधीन रिंग रोड में कार्यरत था। वह सोमवार रात की ड्यूटी पूरी करने के बाद मंगलवार सुबह घर लौट रहा था। रास्ते में हड़हा गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप पर उसने बाइक में पेट्रोल भरवाया। जैसे ही वह पंप से बाहर निकला, तभी घाटमपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मारी और कुचलते हुए निकल गया।
यह हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस के पहुंचने पर शव हटाने को लेकर कुछ देर तक नोकझोंक भी हुई।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने आरोपी ट्रक चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा ।
मृतक रामनरेश की शादी करीब दो वर्ष पहले ही हुई थी। उसकी पत्नी रविता गर्भवती है। पति की मौत की खबर सुनते ही वह बेसुध हो गई और बिलखते हुए बोली- इस सड़क हादसे ने मेरी पूरी जिंदगी उजाड़ दी।
बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






