May 15, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
  नयागंज में दो दुकानों से 27 लाख की नकदी चोरी करने वाले तीन आरोपियों की कलक्टरगंज पुलिस से मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। दो साथी फरार हो गए। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस, 70 हजार रुपए, चापड़, कटर समेत चोरी के उपकरण बरामद किए।
लालबंगला के शिवकटरा निवासी सज्जन गुप्ता की नयागंज में किराना और मेवे की दुकान में चोरों ने एक मार्च की देर रात पीछे पड़े खाली प्लाट से दीवार में सेंधमारी कर लगभग 25 लाख रुपए पार कर दिए। वहीं तीन दुकान छोड़कर नवाबगंज निवासी दिनेश प्रसाद की दुकान से भी लगभग दो लाख रुपए समेत सामान ले गए थे। कलक्टरगंज पुलिस ने सज्जन गुप्ता की तहरीर पर मुकदमा लिखकर जांच शुरू की।
सज्जन ने बताया कि नकदी के साथ उनकी दुकान में रखे सोने-चांदी के लगभग 15 लाख के सिक्के भी चोरी हुए हैं। मामले में कलक्टरगंज थाना पुलिस ने नयागंज व आसपास की बाजार में लगे लगभग 700 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले। 

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि गुरुवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में चोरी करने के इरादे से चार-पांच चोर सीपीसी माल गोदाम के पास खड़े हैं।
इस पर उनकी टीम ने घेराबंदी की तो सभी भागने लगे। उनमें से एक ने भागने के दौरान पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाब में पुलिस ने फायर किया तो उसके पैर में गोली लगी और गिर पड़ा। उसे और दो अन्य साथियों को पुलिस टीम ने दबोच लिया, जिसके पैर में गोली लगी। उसने अपना नाम अनवरगंज निवासी अशद, फीलखाना निवासी सूरज बताया और शुक्लागंज निवासी पुष्पा बताया, जबकि उनके दो साथी फरार है। उनकी तलाश में टीम दबिश दे रही है। 

Related News