September 2, 2026

‘सशक्त किसान, आत्मनिर्भर भारत’ थीम पर लगेगी प्रदर्शनी, स्मार्ट कृषि और स्टार्टअप मॉडल होंगे आकर्षण।

संवाददाता

कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रांगण में 15 से 17 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय उत्तर क्षेत्रीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने दी।

कुलपति ने बताया कि मेला ‘सशक्त किसान, आत्मनिर्भर भारत’ की थीम पर आयोजित होगा। इस वर्ष जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, नई दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ सहित आठ से अधिक प्रदेशों के किसान प्रतिभाग करेंगे।

निदेशक प्रसार डॉ. वीके त्रिपाठी ने बताया कि मेले में कृषि यंत्र, बीज, उर्वरक, औषधीय पौधे, हस्तकला उत्पाद, सौर ऊर्जा उपकरण, दुग्ध उत्पाद और प्रसंस्कृत खाद्य सामग्री का प्रदर्शन और बिक्री की जाएगी। विश्वविद्यालय की विकसित नई फसलों की प्रजातियां, मशरूम और ‘श्रीअन्न’ से बने उत्पाद इस बार के मुख्य आकर्षण होंगे।

संस्थान के मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि किसान मेले में स्मार्ट और डिजिटल कृषि पर आधारित विद्यार्थियों के साथ ही कृषि विज्ञान केंद्रों के सहयोग से कृषकों द्वारा किए गए नवाचार एवं स्टार्टअप मॉडल भी प्रदर्शित किए जाएंगे। विभिन्न बैंक, शोध संस्थान और सरकारी विभाग भी अपने स्टॉल लगाकर किसानों को योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *