January 18, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  बिल्हौर में स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित लोहिया ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत दो क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। इन मैचों में यूपी पुलिस और आरके इलेवन ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पहले क्वार्टर फाइनल में यूपी पुलिस का मुकाबला फर्रुखाबाद से हुआ। फर्रुखाबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 75 रन बनाए। टीम की ओर से प्रांजुल ने 31 और साहिल ने 30 रनों का योगदान दिया। यूपी पुलिस के लिए धीरेन्द्र ने 44 रन देकर 3 विकेट, उदय ने 20 रन देकर 3 विकेट और रविन्द्र ने 10 रन देकर 1 विकेट लिया।
जवाब में यूपी पुलिस की टीम ने 16 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 78 रन बनाकर मैच जीत लिया और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। रविन्द्र ने 30, उदय ने 16 और धीरेन्द्र ने 14 रन बनाए। फर्रुखाबाद की ओर से प्रांजुल ने 31 रन देकर 2 विकेट, आकाश ने 28 रन देकर 2 विकेट और रजत ने 10 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। इस मैच में यूपी पुलिस के प्रांजुल सिंह को स्पोर्ट्स क्लब के सचिव आरके शर्मा ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।
दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में उन्नाव ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 136 रन बनाए। उन्नाव की तरफ से युवराज ने 37, शिवम शर्मा ने 35, देवांश ने 20 और अमित ने 19 रन बनाए।
इसके जवाब में आरके इलेवन ने बिना कोई विकेट खोए 139 रन बनाकर आसानी से मैच जीत लिया। टीम के लिए बॉबी ने 70 और मोहित ने 60 रनों की शानदार पारियां खेलीं। एपीएस कंपनी के प्रोडक्शन मैनेजर उद्यम सिंह ने मोहित को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया।
इस अवसर पर पुष्पेंद्र कटियार, गौरव शर्मा, रॉबिन शर्मा, अर्पित, अंपायर किशोर राजपूत और अहमद खान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 

Related News