
संवाददाता
कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास-1 में बुधवार सुबह पीएनजी गैस पाइपलाइन में लीकेज होने से एक घर के बाहर आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास के घर के बाहर लगे बिजली के तारों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बिजली की लाइन काटनी पड़ी। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आवास विकास निवासी ग्रामीण बैंक से रिटायर्ड रामचंद्र शर्मा ने बताया कि वह सुबह करीब पांच बजे टहलने निकले थे। करीब सात बजे वापस लौटने पर उन्होंने घर के बाहर गैस लीकेज के कारण आग की लपटें उठती देखीं। उन्होंने तुरंत पीएनजी के टोल फ्री नंबर पर कॉल किया, लेकिन काफी देर तक कॉल रिसीव नहीं हुआ।
स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और सिपाहियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
जबकि फायर ब्रिगेड की गाड़ी करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची, तब तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका । आग की तीव्रता को देखते हुए मौके पर जेसीबी बुलाकर गीली मिट्टी डाली गई, जिससे आग पर काबू पाया गया। कुछ देर बाद पीएनजी कंपनी के कर्मचारी भी पहुंचे और एहतियातन करीब 6 किलोमीटर तक गैस सप्लाई बंद कर दी गई। इसके बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आई।
रामचंद्र शर्मा ने घटना की जानकारी जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को भी फोन पर दी। इसके बाद फजलगंज फायर स्टेशन को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए।
फायर कर्मचारियों के अनुसार, एक गाड़ी रावतपुर स्थित स्वराज्य इंडिया पब्लिक स्कूल के पास खराब हो गई थी, जिसके कारण दूसरी गाड़ी को बुलाना पड़ा और पहुंचने में देरी हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस ने तुरंत पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया था, लेकिन फायर ब्रिगेड और पीएनजी कर्मचारियों के देर से पहुंचने के कारण स्थिति कुछ समय तक बेकाबू बनी रही। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।






