
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर के चौबिगही गांव निवासी शिवम उर्फ उज्जवल कटियार का शव कन्नौज के एक होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला है।
युवक रविवार को घर से निकला था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिवम अपने पिता रविंद्र कुमार कटियार के साथ खेती-बाड़ी में हाथ बंटाता था। परिजनों के अनुसार, वह रविवार को चौबेपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिवार के सदस्य चिंतित हो गए।
शिवम के बड़े भाई ने रात करीब 10 बजे शिवम के मोबाइल पर फोन किया। बताया जाता है कि शिवम ने 15 से 20 मिनट में घर पहुंचने की बात कही थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटा और उसका फोन भी बंद हो गया, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई।
परिजन युवक की तलाश में कन्नौज पहुंचे। उन्हें होटल योगेंद्र में शिवम के ठहरने की सूचना मिली। जब परिजन होटल के कमरा नंबर 108 में पहुंचे, तो उन्हें शिवम का शव पंखे के कुंडे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, कमरे को सीज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा। इस दौरान परिजनों में गहरा शोक था। मां और अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
परिजनों का कहना है कि युवक चौबेपुर काम की तलाश में जाने की बात कहकर निकला था, ऐसे में उसका कन्नौज पहुंचना परिवार के लिए भी रहस्य बना हुआ है। पुलिस अब युवक की गतिविधियों और कन्नौज पहुंचने के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक होटल में कब पहुंचा, उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति था या नहीं, तथा घटना से पहले उसकी किन लोगों से बातचीत हुई थी। साथ ही परिजनों से भी पूछताछ करके मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।






