
संवाददाता
कानपुर। शहर में गर्मी का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा है । हालांकि बीते 48 घंटों में दिन के तापमान में 3.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद भी पारा 40 डिग्री के पार बना हुआ है।
तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर में सड़कों पर निकलना मुश्किल रहा और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। आज से 1 मई तक बादल छाने और बूंदाबांदी की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी में कुछ राहत मिल सकती है।
गर्मी से राहत दिलाने के लिए नगर निगम की ओर से प्रमुख सड़कों और चौराहों पर वाटर स्प्रिंकलर से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर पानी का छिड़काव होने से राहगीरों को कुछ राहत मिली। बाजारों और चौराहों पर लोग छांव तलाशते नजर आए, वहीं ठंडे पेय पदार्थों और गन्ने के रस की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई।
सीएसए के वेदर स्टेशन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
रात में भी गर्मी का असर बना रहने से कूलर और पंखे भी बेअसर साबित हो रहे हैं। घरों के भीतर भी उमस और पसीने से लोग परेशान हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव संभव है, लेकिन फिलहाल तेज गर्मी से राहत की उम्मीद कम है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया- आने वाले दिनों में इसी तरह तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। तापमान 40 के ऊपर रहने की संभावना है। इसके अलावा लू की स्थितियां बनी रहेंगी। फिलहाल आने वाले दिनों में लोग गर्मी के लिए तैयार रहें।
आज से एक मई तक कानपुर में बादल छा सकते हैं। हालांकि शहर में हीट डोम की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में बाहर निकलने से पहले पानी पीकर निकलें। इसके अलावा हीट डोम की वजह से आगामी मई व जून में भी विकराल गर्मी पड़ेगी।






