May 13, 2026

संवाददाता
कानपुर।  प्रेमिका ने अंतरजातीय शादी करने से मना किया तो नाराज युवक ने फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।
युवक अंकित की फेसबुक के जरिए सूरत की एक युवती से 12 साल पहले दोस्ती हुई थी। परिजनों का आरोप है कि युवती लंबे समय से पैसे ऐंठ रही थी।
करीब 2 माह पहले उसने इंटरकास्ट होने की बात कहते हुए शादी से इनकार कर दिया था, जिसके बाद से वह डिप्रेशन में चल रहा था।
आत्महत्या की घटना के कुछ घंटे बाद युवक के चाचा की भी हार्ट अटैक पड़ने से मौत हो गई। घर में एक साथ दो मौतों से परिवार में कोहराम मच गया।
कांजीखेड़ा, चकेरी निवासी अंकित जायसवाल ने फांसी लगाकर जान दे दी । अंकित की घुमनी बाजार में हार्डवेयर की दुकान है। उसके परिवार में मां प्रमिला देवी, छोटा भाई अवनीश व एक बहन मानसी है। भाई अवनीश ने बताया कि परिजन शादी को तैयार थे, लेकिन युवती ने मना कर दिया था।
अंकित के चाचा ज्ञानदत्त जायसवाल को कार्डियक अटैक आया था, जिस पर उन्हें कॉर्डियोलॉजी में भर्ती कराया गया था। जिन्हें देखने के लिए परिवार अस्पताल गया था।
इस दौरान अंकित ने कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। छोटी बहन मानसी उसे बुलाने गई तो उसने शव फंदे से लटकता देख परिजनों को जानकारी दी।
घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची चकेरी पुलिस ने जांच पड़ताल करके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *