June 5, 2026

कैंट से एक साथ जुड़े दर्जनों कार्यकर्ता





संवाददाता
कानपुर नगर। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने आज कानपुर नगर में आयोजित जिलास्तरीय बैठक में अपनी चुनावी तैयारियों को लेकर बड़ा संदेश दिया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने न सिर्फ आगामी रणनीति पर मंथन किया, बल्कि कैंट विधानसभा से एक साथ दर्जनों कार्यकर्ताओं के पार्टी में शामिल होने से बसपा का कुनबा और मजबूत हो गया।

मौजूद रहे दिग्गज नेता

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में कानपुर मंडल प्रभारी और पूर्व विधायक भीमराव अंबेडकर, पूर्व एमएलसी डॉ. विजय प्रताप, नौशाद अली, मंडल प्रभारी जीतेन्द्र सखवार व बौद्ध प्रिय गौतम ने शिरकत की। उनकी मौजूदगी ने बैठक का राजनीतिक वजन बढ़ा दिया।

बूथ स्तर पर होगी सक्रिय रणनीति

बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा कर बूथ स्तरीय कैडर बैठकों पर विशेष जोर दिया गया। नेताओं ने साफ कहा, अब संगठन को जमीन पर उतारना है, हर बूथ पर बसपा का झंडा लहराना है।

कैंट विधानसभा से बड़ा जुड़ाव

पूर्व जिलाध्यक्ष आर.पी. चौधरी उर्फ बबलू के नेतृत्व में कैंट विधानसभा क्षेत्र से पूर्व अध्यक्ष महेश धानविक, इंतखाब आलम, जहीर खान, आशीष कोरी, गुलाब अली, राजेश बाल्मीकि सहित दर्जनों गणमान्य लोगों ने बसपा की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष सुशील गौतम ने सभी को सदस्यता देते हुए कहा, आपका अनुभव पार्टी की नींव को और मजबूत करेगा, हम मिलकर कानपुर का समीकरण बदलेंगे।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार कैंट विधानसभा में इस तरह की सामूहिक एंट्री से बसपा को दलित-मुस्लिम-पिछड़ा वोट बैंक में मजबूती मिल सकती है। पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ आ रहे कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर पार्टी का नेतृत्व करेंगे।

बसपा नेताओं का दावा- पार्टी में हो रहे इस बड़े प्रवेश से सत्तारूढ़ दलों की नींद हराम हो गई है। 2027 के विधानसभा चुनावों में बसपा कानपुर में बड़ा चमत्कार करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News