
संवाददाता
कानपुर। एक महिला ने अपनी दो बेटियों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। तबियत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। वहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया है। महिला अपनी दोनों बेटियों के साथ तीन साल से मायके में रह रही थी। घटना महाराजपुर थाना क्षेत्र की है।
महाराजपुर के नजफगढ़ निवासी रामपाल की बेटी चांदनी पासवान की शादी मैनपुरी जनपद के करहल, नगला सीताराम निवासी राकेश से 12 साल पहले हुई थी। उनकी दो बेटियां पायल और ब्यूटी हैं। परिजनों के मुताबिक चांदनी का तीन साल पहले पति से तलाक हो गया था। इसके बाद से वह अपनी बेटियों के साथ मायके में रह रही थीं।
परिजनों ने बताया कि चांदनी के पिता रामपाल गुजरात में फैक्ट्री में काम करते हैं। परिवार में मां शांति देवी है।
परिजनों के मुताबिक मंगलवार सुबह चांदनी की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उससे पूछा तो उसने बेटियों के संग जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में हैलट लेकर पहुंचे। वहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया ।
महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया मां व दोनो बेटियों की मौत हो गई है। जांच की जा रही है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।






