May 6, 2026

संवाददाता
कानपुर।
महाराजपुर कस्बे में मामूली विवाद मारपीट में बदल गया। धमना निवासी मोनू शराब पीने के बाद ठेके के पास बनी कैंटीन में बैठा था। तभी 5 रुपये के लेनदेन को लेकर उसकी कैंटीन संचालक से बहस हो गई। बात इतनी बढ़ी कि कैंटीन संचालक अमित शुक्ल और विजय कुशवाहा ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोनू को पीट दिया।
बीचबचाव करने आए कल्लू और रोहित को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा और उन पर भी हमला कर दिया। घटना में मोनू बुरी तरह घायल हो गया। परिजन उसे पहले सरसौल सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इस मारपीट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरा घटनाक्रम साफ दिख रहा है। थाना प्रभारी संजय कुमार पांडे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। 

Related News