
संवाददाता
कानपुर। रामादेवी से जाजमऊ के बीच फ्लाईओवर पर रविवार सुबह एक अनियंत्रित कंटेनर ट्रक आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। इस जोरदार टक्कर में कंटेनर क्षतिग्रस्त हो गया और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लंबा जाम लग गया।
जालौन निवासी चालक बबलू ने बताया कि वह मौरंग लादकर घाटमपुर से लखनऊ जा रहा था। फ्लाईओवर पर अचानक आगे चल रहे ट्रक चालक ने ब्रेक लगा दिया, जिससे वह अपने वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाए और ट्रक से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर का शीशा टूटकर परिचालक सतेंद्र तिवारी के माथे में घुस गया, जिससे वह घायल हो गए।
घायल परिचालक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, सतेंद्र तिवारी खतरे से बाहर हैं। वहीं, आगे चल रहा ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर सतेंद्र पाल ने बताया कि कंट्रोल रूम से उन्हें रामादेवी-जाजमऊ फ्लाईओवर पर सड़क हादसे और जाम की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और दो क्रेनो की मदद से क्षतिग्रस्त कंटेनर को हटवाया गया ।
इस हादसे के कारण नौबस्ता से लखनऊ जाने वाले मार्ग पर लगभग 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे सैकड़ों वाहन फंसे रहे। क्षतिग्रस्त वाहन सड़क के बीच में खड़ा होने से रास्ता संकरा हो गया था, जिससे बड़े वाहनों को निकलने में काफी परेशानी हुई। हालांकि, इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, केवल कंटेनर क्षतिग्रस्त हुआ है।






