
संवाददाता
कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में घरेलू कामकाज के लिए रखी गई नौकरानी पर गहने चोरी करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने नौकरानी और उसकी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
गुलमोहर एक्सोटिका निवासी भावना अग्रवाल के अनुसार, उन्होंने सितंबर 2025 में अपनी सात वर्षीय बेटी की देखभाल और घर के कामकाज के लिए साहब नगर निवासी शिवानी कटियार को काम पर रखा था। आरोप है कि शिवानी ने अपनी मां के साथ मिलकर घर की अलमारी से दो कंगन और दो अंगूठियां चोरी कर लीं।
पीड़िता ने बताया कि तीन अप्रैल 2026 को शिवानी ने बीमारी का हवाला देकर अचानक काम छोड़ दिया। इसके दो दिन बाद, पांच अप्रैल को जब वह एक पारिवारिक कार्यक्रम में जाने के लिए अलमारी से गहने निकालने पहुंचीं, तब इस चोरी का पता चला।
घटना के बाद पीड़िता ने कल्याणपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नौकरानी और उसकी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कल्याणपुर इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करके साक्ष्य जुटाने में लगी है।






