July 27, 2024

संवाददाता।

कानपुर। प्रदेश में मौसम बदल गया है। संभल-मुरादाबाद में तेज बारिश हो रही है। प्रयागराज में भी आज तड़के बूंदाबांदी हुई। कई जिलों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज 53 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से पश्चिमी यूपी के 20 जिलों में ऑरेंज और 33 जिलों में येलो अलर्ट है। यहां 30-40 किमी. की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। कल यानी 15 अप्रैल को भी प्रदेश का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इससे पहले झांसी में शनिवार शाम को ओले गिरे। नोएडा में तेज आंधी के चलते गृहमंत्री अमित शाह की रैली कैंसिल हो गई। इसके बाद शाह ने अलवर हेलिपैड से मोबाइल से रैली को संबोधित किया। कानपुर की CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. SN सुनील पांडेय ने बताया, ”कई मौसमी सिस्टम पूरे देश में काम कर रहे हैं। इसकी वजह से बंगाल की खाड़ी में नम हवाएं उत्तर भारत की तरफ आ रही हैं। जिससे बादल भी बन रहे हैं। ये बादल मेघ गर्जना वाले बन रहे हैं। धूल भरी आंधी और बारिश की पूरी संभावना है। किसानों को सलाह दी जाती है कि जल्द से जल्द फसलों की कटाई कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर रख लें। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, बिजनौर, जालौन, झांसी, ललितपुर। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, संतरविदास नगर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, कासगंज, एटा, मैनपुरी, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, महोबा, चंदौली, वाराणसी, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, लखनऊ में बारिश के आसार हैं। झांसी के रक्सा क्षेत्र में शनिवार शाम को तेज बारिश हुई। इस दौरान कई स्थानों पर ओले भी गिरे। वहीं नोएडा में करीब 40 KM की स्पीड से धूल भरी आंधी चली। 15 मिनट तक आंधी चलने से लोगों को गर्मी से थोड़ी देर के लिए राहत मिली। वहीं कानपुर में घने बादल छाए रहे। मौसम विभाग के मुताबिक इटावा में 1 मिमी, गाजीपुर में 0.5 मिमी, हमीरपुर में 3 मिमी, कन्नौज, कानपुर में दो-दो मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो प्रदेश में कानपुर सबसे गर्म रहा। यहां 40.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। जबकि न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री नजीबाबाद का दर्ज हुआ। कृषि मौसम विज्ञानी के मुताबिक प्री-मानसून बारिश से गेंहू, सरसों, चना, अरहर, मूंग दाल, मक्का जैसी फसलों को नुकसान होगा। किसानों को पहले ही एडवाइजरी जारी कर दी गई थी। कटाई के बाद अनाज को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *