May 24, 2025

संवाददाता।
कानपुर। प्रदेश मे 5 दिन से भीषण गर्मी पड़ रही है। प्रदेश में गर्मी और लू से पिछले 36 घंटे में 56 लोगों की जान चली गई। प्रयागराज में गुरुवार दोपहर ढाई बजे पारा 47.6 डिग्री पहुंच गया। वहीं दोपहर बाद आगरा में तेज आंधी के बाद बारिश हुई। मथुरा में तेज आंधी के चलते कई पेड़ गिर गए, जिससे कई कारें नीचे दब गईं। सुल्तानपुर में चंडीगढ़ एक्सप्रेस में सफर कर रहे मां और बेटे की हीटवेव से हालत गंभीर हो गई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां महिला की मौत हो गई, जबकि बेटे का इलाज चल रहा है। हाथरस में आज सुबह साइकिल चलाते समय युवक बेहोश होकर गिर गया। फतेहपुर में खेत में काम कर रही बुजुर्ग महिला की गर्मी से मौत हो गई। झांसी में दो लोगों की भीषण गर्मी से मौत हो गई। हालत खराब होने के बाद इन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया, जहां दोनों ने दम तोड़ दिया। पूर्वी यूपी में आज मौसम बदल गया। कई जिलों में बादल छाए रहे। मौसम विभाग का कहना है कि आज पश्चिम यूपी के तापमान में भी 1-2 डिग्री की गिरावट आएगी। प्रदेश में 1 जून से प्री-मानसून आ सकता है। आज उमस भरी गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। हीट इंडेक्स 55 से 58 तक पहुंच गया। इसका असर शरीर पर बेहद विपरीत पड़ता है। शरीर को ढक कर ही बाहर निकलें। डॉक्टरों की सलाह है कि बच्चे और बुजुर्ग सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक बाहर निकलने से बचें। कल 11 जिलों में बारिश का अलर्ट है। पूर्वी यूपी में आज मौसम बदला है। बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, संतकबीर नगर, गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर में बारिश के आसार हैं। मथुरा में तेज आंधी के चलते कार के ऊपर नीम का पेड़ गिर गया। घटना भूतेश्वर के पास की है। सूचना पाकर नगर निगम की टीम मौके पर रेस्क्यू करने पहुंची। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है। अयोध्या में प्रचंड गर्मी के बीच बिजली कटौती से परेशान बड़े लोगों के साथ बच्चों ने अर्धनग्न प्रदर्शन किया। 3 दिन से बिजली की लगातार ट्रिपिंग हो रही है। शहर के नियावां फीडर पर गर्मी से परेशान लोगों ने प्रदर्शन किया। झांसी में भीषण गर्मी की चपेट में आने से दो लोगाें की मौत हो गई। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के खिलारा गांव निवासी रमेश चंद्र द्विवेदी (52 वर्ष) और पूंछ थाना क्षेत्र के ग्यारई गांव निवासी शीतल प्रसाद (69 वर्ष) की मौत हो गई। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। यूपी में आज भी कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है। प्रयागराज का पारा 47.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। वहीं वाराणसी का तापमान भी 47 डिग्री दर्ज किया गया। बरेली में भीषण गर्मी के कारण गुरुवार दोपहर जंक्शन पर बैंक ऑफ बड़ोदा के एटीएम में लगा एसी का कंप्रेशर फट गया। कंप्रेशर फटने से एमसीओ कार्यालय के तारों में आग लग गई। मौके पर अफरा तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे रेलवे के बिजली विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान अधिकांश वायर जलकर राख हो गए। घटना प्लेटफार्म नंबर एक की है। कानपुर पुलिस ने गर्मी से बचाव के लिए रिक्शा चालकों को गमछे बांटे। टीएसआई राजकुमार सिंह तोमर ने परेड चौराहे पर दर्जनों रिक्शा चालकों को गमछे पहनाए। प्रयागराज में आज भी भीषण गर्मी पड़ रही है। सड़कों पर सन्नाटा है। लोग दोपहर में घर से निकलने से बच रहे हैं। जो निकल भी रहे हैं वो शरीर और फेस को ढक कर निकल रहे हैं। सुबह 11.30 बजे तापमान 45.6 डिग्री दर्ज किया गया। लू के बीच हवा में नमी भी बरकरार है। जिसकी वजह से गर्मी के साथ ही उमस का भी एहसास हो रहा है। कानपुर में आज मौसम बदल गया है। लोगों को चिलचिलाती धूप से राहत मिली है। बादल छाए हैं। हालांकि हवा में तपिश बरकरार है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News