September 2, 2026

संवाददाता
कानपुर। कानपुर क्रिकेट जगत के लिए बुधवार को बेहद दुखद खबर सामने आई। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के वरिष्ठ अंपायर कौशल मिश्रा (67) का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्रिकेट खिलाड़ियों, अंपायरों, स्कोररों और खेल प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई।
कौशल मिश्रा पिछले करीब 40 वर्षों से कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अंपायरिंग पैनल का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे। क्रिकेट के प्रति उनका समर्पण और खेल की बारीकियों पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें कानपुर के क्रिकेट जगत में एक सम्मानित पहचान दिलाती थी। अंपायरिंग के अलावा वह लगभग 20 वर्षों तक कमर्शियल क्लब से खिलाड़ी के रूप में भी जुड़े रहे और जीवनभर क्रिकेट की सेवा करते रहे।
बताया गया कि कौशल मिश्रा पिछले लगभग एक वर्ष से मुख के कैंसर से जूझ रहे थे। बीमारी के बावजूद उनका क्रिकेट के प्रति लगाव और खेल से जुड़ाव हमेशा बना रहा। उनके निधन के बाद अंतिम संस्कार बर्रा स्थित स्वर्गाश्रम में किया गया, जहां उनके पुत्र आकाश मिश्रा ने उन्हें मुखाग्नि दी।
कौशल मिश्रा के निधन पर कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन परिवार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। केसीए चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, अध्यक्ष एस.एन. सिंह, सचिव कौशल कुमार सिंह सहित अंपायरों और स्कोररों ने उनके निधन को कानपुर क्रिकेट के लिए अपूरणीय क्षति बताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
कौशल मिश्रा का जाना कानपुर क्रिकेट जगत के एक ऐसे अनुभवी और समर्पित व्यक्तित्व का जाना है, जिन्होंने अपने जीवन के कई दशक क्रिकेट को समर्पित कर दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *