• सुसाइड नोट में लिखा-मेरी पढ़ाई, शादी के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं।

संवाददाता
कानपुर। पॉलिटेक्निक की एक छात्रा ने हॉस्टल में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। उसने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि अब आप लोगों को मेरी पढ़ाई व शादी के लिए परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है… मैं अपनी जान देने जा रही हूं, मम्मी–पापा अब किसी तरह की कोई चिंता नहीं करनी पड़ेगी आप लोगों को…।

हॉस्टल संचालिका ने घटना की जानकारी काकादेव पुलिस को दी।
घाटमपुर के जवाहर नगर पूर्वी निवासी राम सिंहासन सचान ट्रांसपोर्टर है, परिवार में पत्नी रीना व दो बेटी आशी सचान व पूर्वा सचान (19) थी। पिता राम सिंहासन ने बताया कि बड़ी बेटी आशी बीएससी की पढ़ाई करने के साथ–साथ एक प्राइवेट कॉलेज में पढ़ाने जाती है, जबकि छोटी बेटी पूर्वा पॉलीटेक्निक की छात्रा थी।
वह दो साल से रोजाना गांव से कानपुर पढ़ाई करने के लिए आती थी, जिस पर उन्होंने शहर में ही रहकर पढ़ाई करने की बात कही थी। जिसके बाद पूर्वा 15 दिन पहले काकादेव स्थित शुभी हॉस्टल में रहने आई थी। देर रात छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। शव फंदे से लटकता देखकर हॉस्टल संचालिका आंचल कटियार ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह मौके पर जांच पड़ताल करने पहुंची। साथ ही फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए । पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें परिवार की आर्थिक स्थिति और अन्य बात लिखी हुई थी। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनो को दी तो कोहराम मच गया।
मां रीना ने बताया कि सुबह 7 बजे बेटी से फोन पर बात हुई थी, जिस पर उन्होंने कहा कि बेटी ने जल्दी उठकर खाना बनाने की बात कही थी। पूर्वा ने बड़ी बहन के बारे में पूछा तो उन्होंने उसके कॉलेज जाने की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि शाम करीब 9 बजे दो बार बेटी को फोन मिलाया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। जिस पर उन्होंने सोचा कि बेटी थककर सो गई होगी।
देर रात हॉस्टल संचालिका ने फोन करके बेटी के सुसाइड करने की जानकारी दी।
काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि मौके से एक सुसाइड नोट में मिला है। जिसमें लिखा है कि अब आप लोगों को मेरी पढ़ाई व शादी के खर्च के लिए परेशान नहीं होने की जरूरत नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।






