July 16, 2026





पत्नी के अलग रहने से तनाव के चलते सिर में सटाकर गोली मारी।



संवाददाता
कानपुर।  पीपीएन कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष ने सुसाइड कर लिया। उन्होंने लाइसेंसी बंदूक से घर के कमरे में सिर में गोली मार ली।
बुधवार तड़के परिजन उन्हें जगाने पहुंचे। कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ दिया गया ।अंदर खून से लथपथ शव पड़ा मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। शुरुआती जांच में पता चला है कि आलोक सिंह की पत्नी बेटियों के साथ लखनऊ में अलग रहती हैं। इसी वजह से वह तनाव में रहते थे और शराब पीने लगे थे।
बसंत विहार डब्ल्यू-2 के रहने वाले केशव नाथ सिंह अपने दो बेटों आलोक और अभय के साथ दो मंजिला मकान में रहते हैं। आलोक सिंह 1999 में पंडित पृथ्वी नाथ कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष थे।
पिता केशव नाथ ने बताया- मंगलवार शाम आलोक काम से घर लौटे। खाना खाने के बाद कमरे का दरवाजा बंद करके एसी चलाकर सो गए। देर शाम तेज धमाके की आवाज सुनाई दी थी, लेकिन मैंने उस पर गौर नहीं किया। बुधवार सुबह बेटे का शव मिला।
उन्होंने बताया- मेरा नौबस्ता मौरंग मंडी में ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। बेटा आलोक भी ट्रांसपोर्ट के काम में हाथ बंटाता था। 2021 में कोरोना महामारी के दौरान मेरे बड़े बेटे अजीत सिंह की मौत हो गई थी।
केशव नाथ ने बताया- आलोक की पत्नी विनीता और दो बेटियां अनुष्का और अंशिका हैं। अनुष्का मर्चेंट नेवी में कार्यरत है, जबकि अंशिका लखनऊ में 12वीं की पढ़ाई कर रही है। विनीता भी उसके साथ लखनऊ में रहती हैं। दो साल पहले विनीता के पिता ने उन्हें लखनऊ में एक फ्लैट दिलाया था।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ में पता चला है कि आलोक तनाव में थे। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *