
संवाददाता
कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट जगत की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में शामिल यूपी टी-20 लीग के आयोजन को लेकर शनिवार को उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (यूपीसीए) के पदाधिकारियों के बीच लंबी मंत्रणा चली। सूत्रों के अनुसार रविवार को लीग के कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा की जा सकती है।
यूपीसीए से जुड़े सूत्रों का दावा है कि ग्रीन पार्क को लगभग 20 मैचों की मेजबानी देने पर सहमति बनती दिखाई दे रही है। वहीं राजधानी लखनऊ के इकाना स्टेडियम को उद्घाटन मुकाबले सहित केवल 14 मैच मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि लीग के फाइनल मुकाबले को लेकर अभी भी ग्रीन पार्क और इकाना के बीच रस्साकशी जारी है। दोनों स्टेडियम फाइनल की मेजबानी के प्रबल दावेदार बने हुए हैं।
ग्रीन पार्क को अधिक मैच दिए जाने की चर्चा ने क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ खेल विशेषज्ञों को भी हैरान कर दिया है। पिछले कई वर्षों से स्टेडियम के ड्रेनेज सिस्टम पर सवाल उठते रहे हैं। हल्की बारिश के बाद भी मैदान को खेलने योग्य बनाने में लंबा समय लग जाता है। वहीं फ्लडलाइटों की रोशनी भी पुरानी होने के नाते थोड़ी धुंधली हो चुकी है।इसके बावजूद यूपीसीए प्रबंधन का मानना है कि ग्रीन पार्क का समृद्ध क्रिकेट इतिहास, दर्शकों का जबरदस्त उत्साह और बेहतर दर्शक क्षमता इसे लीग का प्रमुख केंद्र बनाती है। यही कारण है कि अधिक मुकाबले कानपुर में कराने पर गंभीरता से विचार किया गया है।अब सभी की निगाहें रविवार की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं। उसी दिन यह स्पष्ट होगा कि यूपी टी-20 लीग के फाइनल की मेजबानी आखिर ग्रीन पार्क को मिलती है या फिर इकाना स्टेडियम बाजी मार लेता है। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि आयोजन स्थल तय करते समय स्टेडियमों की तकनीकी सुविधाओं, खिलाड़ियों की सुरक्षा और मैचों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।शहर में क्रिकेट से जुड़े कुछ खिलाड़ी, अम्पायर और स्कोरर्स ने संयुक्त रूप से एक स्वर में कहा कि सबसे बड़ी हैरानी इस बात को लेकर है कि ग्रीन पार्क स्टेडियम के खराब ड्रेनेज सिस्टम और धुंधली फ्लडलाइट जैसी पुरानी समस्याओं के बावजूद यहां आधे से अधिक मुकाबले आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।






