June 28, 2026

संवाददाता 

कानपुर। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित चौथी डॉ. गौर हरि सिंघानिया स्मारक राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता ‘स्पार्क कप’ का आगाज रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। लोको मैदान में खेले गए उद्घाटन मैच में गाजीपुर मंडल ने उन्नाव क्रिकेट एसोसिएशन को 7 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए उन्नाव क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने 35 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 124 रन बनाए। टीम की ओर से प्रज्ञा सिंह ने नाबाद 34 और शिवांगी गुप्ता ने 24 रनों का योगदान दिया। गाजीपुर की गेंदबाज आराध्या निगम और अंशिका यादव ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को नियंत्रित रखा।

125 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गाजीपुर मंडल की टीम ने मात्र 23.5 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। गीतांजलि ने 57 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि काजल चौरसिया 28 रन बनाकर नाबाद रहीं। उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर टीम ने आसान जीत दर्ज की।

गीतांजलि के हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘वूमेन ऑफ द मैच’ चुना गया। 

इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एस.एन. सिंह और कंपनी सचिव जितेंद्र अवस्थी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके  किया। 

पुरस्कार वितरण समारोह में कौशल कुमार सिंह, पीके. मिश्रा, संजय तिवारी, रीता डे, पी.एस. नेगी और पूनम गुप्ता सहित कई लोग उपस्थित रहे।