
संवाददाता
कानपुर। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के तौधकपुर नई बस्ती में एक युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी उस समय हुई जब पत्नी ने कमरे में पति को लटका हुआ देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान अमन पाल पुत्र स्व. किशोर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय पत्नी छत पर टंकी में पानी भर रही थी। नीचे आकर जब वह कमरे में गई तो पति को फंदे से लटका देखा। उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सेन पश्चिम पारा के इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।






