
संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर के परास में ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो सगे भाई घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया। वहां डाॅक्टर ने प्राथमिक इलाज कर गंभीर हालत में कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस घटना की जांच-पड़ताल में जुटी है।
फतेहपुर जिले के लाला गांव निवासी सचिन और रवि नाम के दोनों सगे भाई जेसीबी चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। शनिवार सुबह दोनों निजी काम से बाइक से घाटमपुर आ रहे थे। तभी भोगनीपुर-चौडगरा मार्ग पर स्थित घाटमपुर थाना क्षेत्र के परास चौराहा के पास पहुंचते ही बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत हो गई।
हादसे में दोनों भाई घायल हो गए। यहां से निकल रहे राहगीरों ने घटना की सूचना फोनकर पुलिस को दी। जानकारी मिलते मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया। डाॅक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद दोनों सगे भाइयों को गंभीर हालत में कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घाटमपुर थाने के क्राइम इंस्पेक्टर खुर्शीद अहमद ने बताया कि सूचना मिलते पुलिस मौके पर पहुंची थी, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






