
संवाददाता
कानपुर। उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के कानपुर स्थित प्रदेश मुख्यालय में विश्वकर्मा जयंती का पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यालय में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा से हुई। इस दौरान कार्यालय में स्थापित मशीनों, औजारों और कंप्यूटरों की भी विशेष पूजा की गई, जो शिल्प, निर्माण और तकनीक के प्रतीक माने जाते हैं। पूजा के उपरांत सामूहिक आरती का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आरती के बाद सभी को प्रसाद वितरित किया गया और भंडारे का आयोजन प्रारंभ किया गया जिसमें लगभग एक हज़ार व्यक्तियों के भोजन की व्यवस्था रहती है।
इस अवसर पर निगम के मुख्य अभियंता प्रभात बाजपेई ने बताया की यूपीएसआईसी एक कार्यदायी संस्था है। यहाँ हर वर्ष विश्वकर्मा जयंती पूरे उत्साह एवं धूमधाम से मनाई जाती है। भगवान विश्वकर्मा आदि शिल्पी कहलाते हैं। मेरा व्यक्तिगत अनुभव है कि भगवान विश्वकर्मा की कृपा से ही निगम प्रतिदिन प्रगति के पथ पर अग्रसर है। इस तरह के आयोजनों से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और संस्थान के प्रति निष्ठा की भावना मजबूत होती है। ऐसे आयोजनों से संस्थान में सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बनता है।
उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अधीक्षण अभियंता सुनील यादव ने बताया कि भंडारे की परंपरा उन्होंने वर्ष 2009 से शुरू की थी, जिसे अब निगम में प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है। उन्होंने बताया कि यह भंडारा त्योहारों और अन्य पावन अवसरों पर भी आयोजित किया जाता है और भंडारे का मुख्य उद्देश्य गरीब और असहाय लोगों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। जिसमें निगम के अधिकारियों की भागीदारी रहती है।
निगम के समस्त अधिकारी और कर्मचारी भी पूजा में शामिल हुए और भगवान विश्वकर्मा से सुख-समृद्धि, कार्यकुशलता तथा उन्नति के लिए आशीर्वाद की कामना की।






