July 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।  पुलिस कमिश्नर आवास से 100 मीटर की दूरी पर कराटे चैंपियन को गोली मारने वाले दो आरोपियों को  पुलिस मुठभेड़ के दौरान अरेस्ट कर लिया गया, जबकि तीसरा भागने में सफल हो गया।
पुलिस को आरोपियों के टैफ्को मिल कंपाउंड में छिपे होने की जानकारी मिली थी, घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है।
सिविल लाइंस एफएम कॉलोनी निवासी अरविंद पासवान  कराटे में ब्लैक बेल्ट हैं। वह नवीन मार्केट स्थित कपड़े की दुकान में काम करते है। उनके परिवार में पत्नी निशा, छोटा भाई वीरू है।
रविवार देर रात अरविंद पुलिस कमिश्नर आवास से 100 मीटर की दूरी पर स्थित मैदान में मैच खेलने के लिए गए थे।
देर रात ग्वालटोली अहिराना निवासी अनुराग खुर्रम उर्फ सैवी, शुभम कुमार अपने करीब 5 साथियों के साथ मैदान में आया और बीयर के लिए पैसे मांगने लगा। मना करने पर गाली–गलौज करके जान से मारने की धमकी देने लगा, जिस पर अरविंद का उनसे झगड़ा हो गया। जिस पर शुभम ने अरविंद पर तमंचे से फायर झोंक दिया था।

गोली अरविंद के पेट में जा धंसी। गोली चलने से इलाके में सनसनी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने ग्वालटोली पुलिस को जानकारी देकर घायल अरविंद को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां सोमवार दोपहर डॉक्टरों ने उसके पेट से कारतूस निकाला था।
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों की तलाश में कर्नलगंज, ग्वालटोली और क्राइम ब्रांच की टीमें लगी हुई थीं। पुलिस को आरोपियों के टैफ्को मिल कंपाउंड में छिपे होने की जानकारी मिली। पुलिस के घेराबंदी करने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शुभम के पैर में गोली लगी, जिसके बाद आरोपी ने दो साथियों सहित भागने का प्रयास किया।

जिसपर पुलिस ने अनुराग खुर्रम को दौड़ाकर दबोच लिया, डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि इस दौरान एक आरोपी भागने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस बरामद किया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे अरेस्ट कर लिया जाएगा। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *