
संवाददाता
कानपुर। कुछ दिन पहले जेल से छूटे अपहरण के आरोपी और उसके साथी का एक वीडिओ वायरल हुआ है। जिसमें इंस्टाग्राम पर लाइव आकर अपहरण और फिरौती मांगने के आरोपियों ने पीड़ित को धमकाया… उसने धमकी देते हुए कहा कि कानपुर आ रहा हूं… चप्पलों से मारूंगा। रिकॉर्डिंग तुरंत कर लो… बिना जमानत कराए आ रहे है…ये रोड देख ले, कहां घूम रहा हूं… छह महीने नहीं ढूंढ पाए, दो महीने और कोशिश कर ले…ढूंढ नहीं पाएगा।
एलआईजी वैष्णवी विहार निवासी सुनीता सचान ने दिसंबर 2025 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें मोनू सचान, हर्षित सचान, ऋतिक प्रजापति, शिवम सचान,कृष्णा सैनी, आयुष तिवारी आदि को आरोपी बनाया गया था। आरोप था कि इन लोगों ने 7 दिसंबर को उनके बेटे प्रियांशु सचान को मैगी प्वाइंट से कनपटी पर पिस्टल लगाकर अगवा किया था। इसके बाद आरोपियों ने उसकी हत्या की धमकी देकर 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।
इनमें से 20 लाख रुपये आरोपियों ने ले भी लिए थे।
इस मामले में बर्रा पुलिस ने नामजद आरोपियों में से मोनू सचान को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था, जबकि अन्य की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी। आरोपी मोनू कुछ दिनों पहले जेल से जमानत पर छूटा है। इसके बाद उसका एक वीडियो वायरल हुआ है।
जिसमें उसने हर्षितसचानहंटर नाम की इंस्टाग्राम आईडी पर लाइव आकर वह कोर्ट में पेश हुए गवाह और पीड़ित प्रियांशु सचान और बर्रा पुलिस को लाइव पर गाली दे रहा है। वह प्रियांशु को धमका रहा है और इसी मामले का दूसरा आरोपी हर्षित सचान इंस्टाग्राम लाइव पर बोला कि– बिना जमानत कराए घूम रहा हूं… ये जो दलाल घूम रहे हैं, इनको जूतों से मारूंगा… दिल्ली घूम रहे है… 21 जून को आकर बताएंगे। खुला चैलेंज है… बिना जमानत कराए घूम रहे है।
इंस्टाग्राम पर धमकी मिलने के बाद पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ बर्रा थाने में शिकायत की।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि वायरल वीडियो के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।






