July 1, 2026

संवाददाता
कानपुर। ककवन विकासखंड की गढ़ेवा ग्राम पंचायत से झाबर तक सिंचाई विभाग से कराए जा रही नाले की सफाई को लेकर ग्रामीणों में असंतोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग केवल औपचारिकता पूरी कर रहा है, जबकि अधिकांश स्थानों पर नाले में गाद और झाड़ियां अभी भी मौजूद हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सफाई कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई जगहों पर केवल ऊपरी तौर पर सफाई करके कार्य को पूरा दिखा दिया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस अपर्याप्त सफाई के कारण बरसात के दौरान जल निकासी की समस्या बनी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते नाले की समुचित सफाई नहीं की गई, तो आसपास के खेतों और आवासीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के उच्च अधिकारियों से पूरे कार्य को सही ढंग से कराने और मानकों के अनुरूप नाले की सफाई कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के साथ-साथ आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस संबंध में सिंचाई विभाग के जेई राघवेंद्र ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है ठेकेदार को निर्देशित कर दिया गया है जल्द ही किसानों की समस्या को दूर कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *