February 7, 2025

आ स. संवाददाता 

कानपुर। एक महिला ने चकेरी थाने में केस्को कर्मी पति समेत चार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है । चकेरी पुलिस ने जब विवेचना शुरू की तो पता चला कि पीड़ित महिला के पहले पति ने भी उसके खिलाफ हनुमंत विहार थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। अब यह शादी का षड्यंत्र कैसे और क्यों रचा गया। इसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है।
हनुमंत विहार क्षेत्र में रहने वाली महिला ने चकेरी थाने में केस्को कर्मी पति रितेश सिंह समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता के मुताबिक वह हंसपुरम सब स्टेशन पर पूर्व की तरह बिल जमा करने जाती थी। वहीं पर उसकी मुलाकात कैश काउंटर पर बैठने वाले केस्को कर्मी रितेश सिंह से हुई। रितेश ने खुद को अविवाहित बताया और पीड़िता के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। पीड़िता ने उसे मना कर दिया। इस पर रितेश सिंह पीड़िता के घर पहुंचा और उसकी मां को समझाया। मां के हस्तक्षेप के बाद पीड़िता शादी के लिए तैयार हो गई।
इसके बाद रितेश पीड़िता को लेकर लखनऊ गया वहां पर अलीगंज स्थित आर्य समाज मंदिर में शादी रचा ली। इसके बाद रितेश पीड़िता को लेकर श्याम नगर स्थित किराए के घर में रहने लगा। पीड़िता के मुताबिक इस बीच वह गर्भवती हो गई। डाक्टर का इलाज चल रहा है।
पीड़िता के मुताबिक पीड़िता के घर पर दीप्ती नाम की महिला पहुंची और उसने दावा किया कि रितेश सिंह की पहली पत्नी वह है और  उसने पीड़िता से मारपीट और गाली गलौज की।
पीड़िता के मुताबिक वह दीप्ती के बारे में पूछने के लिए केस्को में रितेश सिंह के पास पहुंची तो वहां रौनक सिंह नाम का व्यक्ति वहाँ पहले से बैठा था। पीड़िता ने रितेश से जब उसकी पहली शादी और बच्चे को लेकर सवाल किया तो उसने पीड़िता से गाली गलौज की। रितेश सिंह ने खुद ही बताया कि रौनक के साथ मिलकर उसने षड्यंत्र रचकर शादी के झांसे में पीड़िता को फंसाया और शारीरिक सम्बन्ध बनाये थे।
इंस्पेक्टर चकेरी ने बताया कि पीड़िता के खिलाफ उसके पूर्व पति ने पहले हनुमंत विहार थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। जिसमें आरोप लगाया था कि पीड़िता ने उसके रहते दूसरे व्यक्ति से शादी कर ली है।इंस्पेक्टर के मुताबिक यह पीड़िता की दूसरी शादी है या पहली है, इसके प्रमाण इकट्ठे किए जा रहे हैं। साथ ही पुराने मुकदमें और किस तरह से षड्यंत्र रचा गया इसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।