
आ स. संवाददाता
कानपुर। जीआरपी ने मुस्तैदी से चलती ट्रेन से कूदी एक महिला की जान बचा ली। महिला जैसे ही ट्रेन से कूदी, जीआरपी के एक दरोगा ने उसका हाथ पकड़ लिया। इससे महिला ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस गई। दरोगा ने ट्रेन के साथ घिसट रही महिला को बाहर निकाल लिया।
कानपुर सेंट्रल से श्रम शक्ति एक्सप्रेस कानपुर से दिल्ली के लिए चलती है। इस ट्रेन के चलने से पहले एक महिला तो चढ़ गई, लेकिन उसके परिवार वाले प्लेटफार्म पर ही छूट गए। इससे महिला घबरा गई। वह ट्रेन के गेट पर आकर परिवार वालों को बुलाने लगी। साथ ही खुद भी उतरने का प्रयास करने लगी। यह सब जीआरपी के एक दरोगा ने देखा, तो वह मौके पर पहुंच गए। वह महिला को चलती ट्रेन से उतरने के लिए मना करने लगे। इसी बीच ट्रेन की स्पीड बढ़ गई। अपनों को छूटता देख महिला उल्टी दिशा में मुंह करके ट्रेन से कूद पड़ी। इस पर साथ चल रहे दरोगा शिवसागर ने उसका हाथ पकड़ लिया। जिससे महिला का पैर चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। महिला एक हाथ से दरवाजे को पकड़े हुए थी, इसलिए वह भी ट्रेन के साथ घिसटने लगी। लेकिन दरोगा ने उसे सुरक्षित निकाल लिया।
घटना की सूचना जीआरपी सिपाहियों ने ट्रेन के गार्ड के पास वायरलेस से कर दी। इसके बाद तत्काल ट्रेन रुक गई। इसके बाद महिला और उसके परिवार वालों को ट्रेन में बैठा दिया गया। इस दौरान करीब दो मिनट तक ट्रेन रुकी रही। इस घटना में बचाई गई महिला के साथ तीन महिलाएं, दो पुरुष और एक बच्चा था। जीआरपी दरोगा की सराहना करके यह लोग दिल्ली के लिए रवाना हो गए।