February 7, 2025

आ स. संवाददाता 

कानपुर। नगर के प्राणी उद्यान में आने वाले वन्य जीव  प्रेमियों के लिए कानपुर प्राणी उद्यान प्रशासन ने वन्य जीवों के बाड़ों के बाहर क्यूआर कोड लगाए है, जिनको स्कैन करते ही दर्शकों को वन्य जीवों का पूरा इतिहास पढ़ने व समझने को मिलेगा। कानपुर जू प्रबंधन की ओर से अब तक कुल 70 वन्य जीवों के बाड़े में यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
वन्य जीव उद्यान के वन रेंजर नवेद इकराम ने बताया कि चिड़िया घर में अब तक वन्य जीवों के बाड़ों के बाहर बोर्ड लगाए गए थे, जिनमें उनके नाम, प्रजाति, आहार के साथ ही वन्य जीवों की बहुत सीमित जानकारियां ही दर्शकों को उपलब्ध कराई जाती थी।

कानपुर प्राणि उद्यान में काफी संख्या में दर्शक वन्यजीवों की जानकारियां जुटाने को लेकर उत्सुक रहते है। जिसको देखते हुए कानपुर प्राणि उद्यान में वन्य जीवों के बाड़ों के बाहर क्यूआर कोड लगाए गए है। 

इस सुविधा को कानपुर प्राणि उद्यान प्रशासन की ओर से तैयार किया गया है। इन क्यूआर कोड को स्कैन करते ही वन्य जीवों का संपूर्ण विवरण दर्शकों को मिलेगा।
नवेद इकराम ने बताया कि अभी सब बाड़ों में यह सुविधा नही है। अभी करीब अन्य 24 पक्षी बाड़ों में यह व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया अभी ट्रायल के रूप में चल रही है।