June 5, 2026

संवाददाता
कानपुर। नगर के कल्याणपुर क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल में गॉलब्लैडर की पथरी के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत हो जाने से जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
आरोप है कि महिला की मौत के बाद अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी अस्पताल में ताला लगाकर मोबाइल फोन बंद करके फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पनकी थाना क्षेत्र के प्रधानमंत्री आवास महावीर नगर निवासी श्रवण कुमार की पत्नी सुनीता देवी लंबे समय से गॉलब्लैडर में पथरी की समस्या से पीड़ित थीं। उनका उपचार कल्याणपुर कला स्थित मर्सी अस्पताल में चल रहा था। परिजनों के अनुसार उन्हें लेजर तकनीक से ऑपरेशन कराने के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मृतका के पति श्रवण कुमार ने बताया कि शुरुआत में उन्हें बताया गया था कि एक विशेष सर्जन ऑपरेशन करेंगे, लेकिन बाद में कहा गया कि वह डॉक्टर बकरीद की छुट्टी पर हैं, इसलिए किसी दूसरे डॉक्टर से ऑपरेशन कराया  जाएगा।
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन से पहले उनकी पत्नी पूरी तरह सामान्य थीं और परिवार के लोगों से बातचीत कर रही थीं। परिजनों का आरोप है कि सुनीता देवी को ऑपरेशन थिएटर में ले जाने के कुछ समय बाद डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ ने बाहर आकर बताया कि मरीज की हालत अचानक गंभीर हो गई है और उन्हें तत्काल कार्डियोलॉजी अस्पताल ले जाना होगा। आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने यह भी कहा कि उनके पास आधुनिक मशीनों की सुविधा नहीं है और सीपीआर देने के बावजूद मरीज की स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है।
यह सुनकर परिवार के लोग घबरा गए और आनन-फानन में सुनीता देवी को कार्डियोलॉजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान हुई गंभीर लापरवाही के कारण ही महिला की जान गई।
मृत्यु की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग शव लेकर दोबारा मर्सी अस्पताल पहुंचे और जवाब मांगने लगे। आरोप है कि तब तक अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी अस्पताल में ताला लगाकर जा चुके थे तथा उनके मोबाइल फोन भी बंद थे।
इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
कल्याणपुर थाने के कार्यवाहक प्रभारी रईस अहमद ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच करके आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News