May 13, 2026

फैंस को पास फटकने को रोकने को उठाए गए कदम

संवाददाता

लखनऊ। इकाना स्टेडियम में विराट कोहली की दीवानगी एक बार फिर सिर चढ़कर बोली, लेकिन इस बार सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं दिखायी पडी। मैदान से लेकर ड्रेसिंग रूम और टीम बस तक हर जगह कोहली के चारों ओर सुरक्षा का ऐसा कवच बनाया गया कि कोई दर्शक उनके करीब तक नहीं पहुंच सके जिसमें वह पूरी तरह से सफल भी रहा।दरअसल, पिछले सीजन में इकाना स्टेडियम में एक युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर सीधे मैदान में घुस गया था और विराट कोहली तक पहुंचने में सफल हो गया था। उस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए थे। इसी को देखते हुए इस बार पुलिस, निजी सुरक्षा कर्मियों और आयोजन समिति ने विशेष सतर्कता बरती।मैच शुरू होने से पहले ही स्टेडियम के अंदर और बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। खिलाड़ियों की एंट्री के समय अतिरिक्त जवान तैनात रहे। कोहली जब अभ्यास के लिए मैदान पर उतरे तो उनके आसपास सुरक्षा कर्मियों की विशेष निगरानी रही। दर्शकों को बाउंड्री लाइन के पास जाने से भी रोका गया।स्टेडियम में मौजूद फैंस लगातार “कोहली-कोहली” के नारे लगाते रहे और कई दर्शक मोबाइल कैमरे में उनकी एक झलक कैद करने के लिए उत्साहित नजर आए। हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने किसी को भी बैरिकेडिंग पार नहीं करने दी। मैच के दौरान भी पुलिस की नजर खास तौर पर उन स्टैंड्स पर रही जहां से दर्शकों के मैदान में कूदने की आशंका रहती है।अधिकारियों का कहना है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की चूक से बचने के लिए इस बार अतिरिक्त इंतजाम किए गए थे। विराट कोहली की लोकप्रियता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरे मैच के दौरान हाई अलर्ट मोड में दिखाई दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *