• तीन बार रुका मुकाबला, 49 गेंदों में शतक जड़ मिचेल मार्श ने बेंगलुरु पर बरसाए रन

भूपेन्द्र सिंह
लखनऊ। इकाना स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए आईपीएल के 50वें मुकाबले में जहां आसमान से बारिश बरसी, वहीं मैदान पर मिचेल मार्श के बल्ले से चौकों-छक्कों की झड़ी लग गई। बारिश से तीन बार बाधित हुए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 19 ओवर में तीन विकेट पर 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। डकवर्थ लुईस नियम के तहत बेंगलुरु को 19 ओवर में 213 रन का लक्ष्य मिला।टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बेंगलुरु के खिलाफ लखनऊ की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। मिचेल मार्श और अर्शिन कुलकर्णी ने तेजी से रन बटोरे। टीम ने 1.3 ओवर में बिना विकेट 12 रन बनाए ही थे कि पहली बार बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। करीब दस मिनट बाद मुकाबला दोबारा शुरू हुआ।भुवनेश्वर कुमार ने अपने 200वें आईपीएल मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए पहला ओवर किफायती रखा, लेकिन इसके बाद मार्श ने जोश हेजलवुड पर हमला बोल दिया। उन्होंने एक ओवर में दो छक्के जड़े। मार्श का एक जोरदार छक्का बाउंड्री के पास मौजूद कैमरामैन को जा लगा, जिससे वह चोटिल हो गया।लखनऊ ने बिना विकेट गंवाए छह ओवर में 68 रन बना लिए। मार्श ने रसिख सलाम के ओवर में लगातार दो छक्के और एक चौका लगाकर रनगति और तेज कर दी। नौ ओवर के बाद टीम का स्कोर बिना विकेट 95 रन था। मार्श 76 और अर्शिन 17 रन पर खेल रहे थे, तभी दूसरी बार बारिश शुरू हो गई। इस बार खेल लगभग 38 मिनट तक रुका रहा।रात नौ बजे खेल दोबारा शुरू होने के बाद लखनऊ को पहला झटका लगा। अर्शिन कुलकर्णी 17 रन बनाकर क्रुणाल पांड्या की गेंद पर कप्तान रजत पाटीदार को कैच दे बैठे। इसके बाद निकोलस पूरन मैदान पर उतरे और मार्श के साथ आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी।मार्श ने केवल 49 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से आईपीएल का सबसे तेज शतक रहा। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम था, जिन्होंने 54 गेंदों में शतक लगाया था। मार्श का यह आईपीएल करियर का दूसरा शतक भी है।मार्श ने रोमारियो शेफर्ड के ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाकर 20 रन बटोरे। हालांकि 14 ओवर में लखनऊ का स्कोर 145 रन पहुंचा ही था कि तीसरी बार बारिश ने खेल रोक दिया। उस समय मार्श 107 और पूरन 14 रन बनाकर खेल रहे थे। करीब 37 मिनट बाद रात दस बजे मुकाबला फिर शुरू हुआ और ओवर घटाकर 19-19 कर दिए गए।खेल दोबारा शुरू होने के बाद जोश हेजलवुड ने 17वें ओवर की पहली गेंद पर मार्श को आउट कर बड़ी सफलता दिलाई। मार्श ने 56 गेंदों पर नौ चौके और नौ छक्कों की मदद से 111 रन की विस्फोटक पारी खेली। इससे पहले उन्हें 16वें ओवर में जीवनदान भी मिला था, जब देवदत्त पडिक्कल ने भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर उनका आसान कैच छोड़ दिया।अंतिम ओवरों में निकोलस पूरन ने तेजी दिखाई, लेकिन वह 38 रन बनाकर रसिख सलाम की गेंद पर आउट हो गए। कप्तान ऋषभ पंत के साथ मिलकर उन्होंने टीम को 200 के पार पहुंचाया। बारिश से प्रभावित मुकाबले में लखनऊ ने आखिरकार 19 ओवर में तीन विकेट पर 209 रन बनाकर बेंगलुरु के सामने विशाल चुनौती पेश कर दी।






