May 13, 2026

संवाददाता 

कानपुर। घाटमपुर सीएचसी में बच्चा चोरी करने का मामला सामने आया है। एक महिला ने खुद को स्टाफ नर्स बताकर मां के पास लेटे बच्चे को उठा लिया। वह जांच की बात कहकर बच्चे को बाहर लेकर जाने लगी।
इसी दौरान बच्चे की मां चीखने-चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर सिक्योरिटी गार्ड और परिजनों ने महिला को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में महिला बच्चे को खिलाने की बात कहने लगी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें महिला वार्ड से बच्चा लेकर जाती नजर आ रही है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह मामला  घाटमपुर सीएचसी का है।
घाटमपुर थाना क्षेत्र के बम्हौरी गांव निवासी अवनीश किसान हैं। उनकी पत्नी मंजू को डिलीवरी के लिए  घाटमपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया था। शाम को मंजू ने बेटे को जन्म दिया। इसके बाद मां और बच्चे को जच्चा-बच्चा वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।
रात करीब 10 बजे एक महिला वार्ड में पहुंची। वह काफी देर से वहां घूम रही थी। उसने खुद को स्टाफ नर्स बताया। फिर जांच के बहाने बच्चे को गोद में उठा लिया। मंजू कुछ समझ पातीं, उससे पहले महिला बाहर निकल गई।
मंजू ने तुरंत पति अवनीश को फोन किया। अवनीश वार्ड के बाहर ही थे। महिला बच्चे को लेकर अस्पताल गेट की तरफ जाने लगी। तभी अवनीश और सिक्योरिटी गार्ड ने उसे पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में दिखा कि महिला दोपहर से ही सीएचसी में घूम रही थी। वह गर्भवती महिलाओं से बात कर रही थी। उनका हालचाल पूछ रही थी। शक से बचने के लिए वह स्टाफ रूम की तरफ भी जा रही थी। इससे सभी उसे नर्स समझ रहे थे।
पूछताछ में पता चला कि महिला पिछले एक सप्ताह में करीब 5 बार घाटमपुर सीएचसी आई थी। वह जच्चा-बच्चा वार्ड में भी दिखी थी। इससे आशंका है कि वह पहले से ही बच्चा चोरी की योजना बना रही थी।
घटना के बाद पुलिस सीएचसी पहुंची और चिकित्साधीक्षक डॉ. पवन सचान से बात की। अस्पताल स्टाफ से भी जानकारी जुटाई गई।
घाटमपुर पुलिस की पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना नाम गीता देवी बताया है। उसके पति का नाम विनोद है। वह बांदा जिले के बबेरू थाना क्षेत्र के अनुवान गांव की रहने वाली है।
शुरुआत में महिला पुलिस को अलग-अलग जानकारी देती रही। पहले उसने खुद को कानपुर का निवासी बताया। इसके बाद हमीरपुर और फिर बांदा का रहने वाला बताया। पुलिस ने जब उसके बताए पते की जांच की, तो जानकारी गलत निकली। सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने अपनी असली पहचान बताई।
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।